मदन मित्रा की गाड़ी पर हमले के बाद भाजपा का पलटवार, बोली- सुरक्षा बढ़वाने के लिए खुद ही कराया हमला

नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता मदन मित्रा की गाड़ी पर हुए कथित हमले को लेकर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को दावा किया कि यह हमला विपक्षी दल के कार्यकर्ताओं ने नहीं, बल्कि खुद मदन मित्रा के लोगों ने कराया ताकि उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा मिल सके।

दरअसल, शनिवार को उत्तर 24 परगना जिले के कामरहाटी विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर मदन मित्रा की गाड़ी पर अंडे फेंके और उसमें तोड़फोड़ की। घटना के बाद उन्हें क्षेत्र छोड़ना पड़ा। हालांकि, हमले के समय मदन मित्रा गाड़ी में मौजूद नहीं थे। बाद में उन्होंने इस घटना के लिए “भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों” को जिम्मेदार ठहराया।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बंगाल सरकार में मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा, “मदन मित्रा ने अपनी सुरक्षा बढ़वाने के लिए खुद अपने लोगों से अपनी गाड़ी पर हमला करवाया है। इसके पीछे कोई और कारण नहीं है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि मदन मित्रा के करीबी लोगों ने पूरी घटना की पटकथा तैयार की ताकि उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा मिल सके।

वहीं, भाजपा विधायक पवन सिंह ने लोगों से हिंसा का रास्ता न अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में जो घटनाएं होती थीं, वे भाजपा सरकार में दोहराई नहीं जानी चाहिए।

पवन सिंह ने कहा, “लोगों ने हमें बड़ी उम्मीदों के साथ सत्ता में बैठाया है। लेकिन कुछ लोग ऐसे हैं जिन्होंने टीएमसी शासन के दौरान अत्याचार झेले हैं और अब किसी न किसी रूप में अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। इसी वजह से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।”

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि उनके साथ पहले किसी तरह का अन्याय हुआ है तो वे कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस का सहारा लें।

मदन मित्रा द्वारा हत्या की साजिश रचे जाने के आरोपों को खारिज करते हुए पवन सिंह ने कहा, “वे तरह-तरह के आरोप लगाएंगे, लेकिन इनमें कोई सच्चाई नहीं है।”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर कोई वास्तव में उन्हें नुकसान पहुंचाना चाहता, तो पहले से इसकी सूचना नहीं देता।”

इस बीच, माकपा नेता हनान मोल्ला ने भी कहा कि तृणमूल नेताओं पर हमले की ऐसी घटनाएं आगे भी देखने को मिल सकती हैं, क्योंकि टीएमसी ने अपने शासनकाल में “नफरत और हिंसा की राजनीति” को बढ़ावा दिया।

मोल्ला ने आईएएनएस से कहा, “पिछले 15 वर्षों में राज्य में सैकड़ों लोगों की हत्या हुई, हजारों लोगों के साथ मारपीट हुई, घरों पर हमले हुए और विभिन्न माध्यमों से भ्रष्टाचार के आरोप लगे। इसी वजह से लोगों में नाराजगी है।”

हालांकि, उन्होंने किसी भी राजनीतिक नेता पर हमले की निंदा करते हुए कहा कि अपराधी को भी कानून के तहत सजा मिलनी चाहिए, न कि भीड़ द्वारा निशाना बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं किसी भी राजनीतिक नेता पर हमले की कोशिश की निंदा करता हूं।”

डीएससी

Join Our Newsletter

यह भी पढ़ें

8 जून को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक कर्मचारी, 28 बैंकों के कर्मी होंगे शामिल

जमशेदपुर : क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी) के अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 8 जून सोमवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। इस...

2029 के चुनाव की तैयारी में अभी से जुटें भाजपा कार्यकर्ता, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करेंः नितिन नवीन

रांची, 7 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने झारखंड भाजपा के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को वर्ष 2029 के...

अभिमत

विश्वसनीय पत्रकारिता के पुरोधा राधेश्याम अग्रवाल : जिनकी विरासत आज भी रोशन कर रही है मीडिया का मार्ग

अग्रवाल साहब ने केवल एक समाचार पत्र की स्थापना नहीं की, बल्कि उन्होंने इस क्षेत्र में पत्रकारिता की ऐसी मजबूत नींव रखी, जिस पर आगे चलकर पूरे मीडिया उद्योग का विस्तार हुआ।

जमशेदपुर से पर्यावरण चेतना का 22-23 मई को होगा नया शंखनाद

बसंत कुमार सिंह ​सभ्यता के विकास और आधुनिकता की अंधी दौड़ में हमने जिन दो प्राकृतिक संपदाओं को सबसे अधिक दांव पर लगाया है, वे...

ज़िद

संपादक की पसंद

राम-कृष्ण अवतार मर्यादा व आनंद का प्रतीक- सीताराम शास्त्री

बिष्टुपुर सत्यनारायण मारवाड़ी मंदिर में भागवत कथा का चतुर्थ दिवस जमशेदपुर। बिष्टुपुर सत्यनारायण मारवाड़ी मंदिर में भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन शनिवार को...

जमशेदपुर : जुगसलाई गरीब नवाज कॉलोनी के समीप मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में मचा हड़कंप

जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी के समीप स्थित रेलवे पुल के पास शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद...

Feel like reacting? Express your views here!

यह भी

आपकी राय

अन्य समाचार व अभिमत