जमशेदपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जमशेदपुर में जिला प्रशासन की ओर से स्वच्छता पखवाड़े की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और नगर उप आयुक्त कृष्णा कुमार ने संयुक्त रूप से जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया एवं मानगो नगर निगम के सैकड़ों सफाईकर्मियों को हरी झंडी दिखाकर सफाई अभियान के लिए रवाना किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शपथ ग्रहण से हुई, जहाँ सभी अधिकारियों व कर्मियों ने शहर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
प्रशासन ने इस अभियान के तहत जमशेदपुर में 40 और मानगो क्षेत्र में 17, कुल 57 स्थानों को चिन्हित किया है, जहां आमतौर पर कचरे की अधिकता रहती है। 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक इन जगहों पर विशेष सफाई के साथ-साथ दीवारों पर पेंटिंग और पौधारोपण भी किया जाएगा।
जनजागरूकता बढ़ाने के लिए सफाईकर्मियों से केक कटवाया गया, जिससे समाज में उनके योगदान को मान्यता दी जा सके। वहीं धार्मिक स्थलों से निकलने वाले फूलों को इकट्ठा करने के लिए 10 वाहन तैनात किए गए हैं। ये फूल बाद में साइकलिंग प्रक्रिया द्वारा जैविक खाद में परिवर्तित किए जाएंगे।
यह अभियान प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा और स्वच्छता के रूप में मनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
