गुवा : बड़ाजामदा-गुवा रेलखंड पर रविवार को रेल पटरी के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ाजामदा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, बड़ाजामदा से गुवा जाने वाले रेल मार्ग पर पोल संख्या 3907जी/8जी के समीप स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान अशोक कुमार गिरी (पिता- भागो गिरी) के रूप में हुई। वह ओडिशा के मयूरभंज जिले के घाघरबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित नक्सरा गांव का रहने वाला था।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि हादसा शनिवार को हुआ माना जा रहा है, जबकि इसकी सूचना पुलिस को रविवार दोपहर करीब 12 बजे प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में ले लिया। पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक किन परिस्थितियों में रेल पटरी तक पहुंचा और हादसा कैसे हुआ। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
