जमशेदपुर: प्रशासन की सख्ती के बावजूद झारखंड में गोवंश की तस्करी का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र स्थित बांगुड़दा साहेब बांध के समीप बुधवार को एक स्कॉर्पियो वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद कथित गोवंश तस्करी का मामला सामने आया है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक समेत उसमें सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए, जबकि वाहन के अंदर से दो गोवंश बरामद किए गए।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सफेद रंग की स्कॉर्पियो में दोनों गोवंशों को बेहद संकुचित अवस्था में बांधकर ले जाया जा रहा था। आशंका है कि उन्हें पश्चिम बंगाल की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर बांगुड़दा साहेब बांध के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक और अन्य सवार अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।
बुधवार सुबह ग्रामीणों की नजर क्षतिग्रस्त वाहन पर पड़ी। जब वे वाहन के पास पहुंचे तो अंदर दो गायें बंधी हुई मिलीं। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल कमलपुर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा उन्हें गौशाला भेज दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटनास्थल पश्चिम बंगाल सीमा के काफी करीब है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में गोवंशों को तस्करी के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। फिलहाल पुलिस वाहन के चालक और मालिक की पहचान करने में जुटी है तथा पूरे मामले की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में स्कॉर्पियो समेत अन्य वाहनों के जरिए गोवंशों की अवैध ढुलाई और तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं। लगातार पुलिस कार्रवाई के बावजूद इस तरह की घटनाएं पूरी तरह थमती नजर नहीं आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन सख्ती बरते तो काफी हद इस धंधे पर रोक लग सकती है।
