September 6, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

परसुडीह के सरजमदा में ग्राम सभा ने करा दी प्रेमी जोड़े की शादी, पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुआ टकराव

परसुडीह के सरजमदा में ग्राम सभा ने  करा दी प्रेमी जोड़े की शादी, पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुआ टकराव

जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के पुरानी सरजमदा में एक प्रेमी जोड़े को लेकर ग्रामसभा के फैसले के बाद विवाद खड़ा हो गया। युवक ने ग्रामीणों पर मारपीट कर जबरन शादी कराने का आरोप लगाया है, जबकि युवती ने युवक के साथ प्रेम संबंध होने और उसके साथ रहने की इच्छा जताई है।

मामले में पुलिस हस्तक्षेप के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

युवक ने आरोप लगाया है कि ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट कर जबरन उसकी शादी करवा दी, जबकि युवती का कहना है कि वह युवक से प्रेम करती है और उसके साथ रहना चाहती है।

मामला उस समय और संवेदनशील हो गया जब पुलिस दोनों को थाने ले जाने पहुंची और ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए वाहन को घेर लिया।

जानकारी के अनुसार, पुरानी सरजमदा निवासी संजीद बारी और उसी बस्ती की रहने वाली सोनिया करुआ रविवार को एक साथ बाहर गए थे।

इसी दौरान युवती के भाई ने दोनों को साथ देख लिया और इसकी सूचना परिजनों तथा गांव के माझी बाबा को दी। इसके बाद मामले को लेकर ग्रामसभा की बैठक बुलाई गई।

आरोप है कि ग्रामसभा में दोनों की शादी करा दी गई और युवती को युवक के घर में रखने का दबाव बनाया गया।

युवक संजीद का कहना है कि उसने शादी का विरोध किया था, लेकिन ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन युवती की मांग में सिंदूर भरवा दिया।

दूसरी ओर, युवती सोनिया ने बताया कि दोनों पिछले चार महीनों से एक-दूसरे के संपर्क में थे और वह अपनी इच्छा से युवक के साथ रहना चाहती है।

घटना की सूचना मिलने पर परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों और माझी बाबा ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हो गई।

जब पुलिस युवक और युवती को वाहन से थाने ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने वाहन को घेर लिया। कुछ युवक पुलिस गाड़ी के बोनट पर बैठ गए और रास्ता अवरुद्ध कर दिया।

स्थिति बिगड़ने पर डीएसपी सुमित कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परसुडीह और सुंदरनगर थाना पुलिस की मदद से हालात को नियंत्रित किया गया। हालांकि इस दौरान भीड़ युवक और युवती को पुलिस वाहन से उतारकर अपने साथ ले गई, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया।

पुलिस युवक और युवती के अलावा पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वाले कुछ महिला और पुरुषों को भी पूछताछ के लिए थाने लाई है।

मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के बयान अलग-अलग हैं। जहां युवती ने प्रेम संबंध होने और युवक के साथ रहने की इच्छा जताई है, वहीं युवक ने प्रेम संबंध से इनकार करते हुए कहा है कि दोनों केवल परिचित हैं और ग्रामसभा के दबाव में उसकी जबरन शादी करवा दी गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

अब देखना यह है कि इस विवादित मामले में पुलिस का दबाव रंग लाता है या ग्राम सभा का निर्णय बरकरार रहता है।

  • टाउन पोस्ट एक स्वतंत्र और विश्वसनीय समाचार पोर्टल है, जो पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

हमें फॉलो करें

ताज़ा खबरों और अपडेट के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading