चाकुलिया : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र के चौठिया गांव के पास शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में राधे कंस्ट्रक्शन के साइट मैनेजर संजय रावत गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि खलासी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, संजय रावत अपनी बाइक (ओडी 15 एल-9496) के साथ सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान बहरागोड़ा की ओर से आ रहा धान से लदा चार चक्का मालवाहक वाहन (ओडी 09 एजी-0758) अनियंत्रित होकर उनकी बाइक को रौंदते हुए सड़क किनारे पलट गया। हादसे में संजय रावत गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टीएमएच रेफर कर दिया।
दुर्घटना के बाद वाहन चालक योगेंद्र पातर मौके से फरार हो गया। वहीं, वाहन के खलासी पिंटू पातर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के आने तक अपने कब्जे में रखा। सूचना मिलने पर चाकुलिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और खलासी को हिरासत में लेकर थाना ले गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
