जमशेदपुर: रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट, रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी और कृष्णा मुरारी चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त सहयोग से शहर के कदमा शास्त्रीनगर ब्लॉक 4 स्थित दिव्यज्योति नेत्रहीन संस्थान के भवन एवं आधारभूत संरचना का नवीनीकरण किया गया।
शुक्रवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने नवीनीकृत भवन का उद्घाटन करते हुए संस्थान के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा इस पहल को सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुविधाजनक और सम्मानजनक बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। नवीनीकरण के बाद संस्थान में रह रहे दृष्टिबाधित विद्यार्थियों और लाभुकों को बेहतर एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने रोटरी के मूल मंत्र “सेवा स्वयं से ऊपर” (Service Above Self) की सराहना करते हुए कहा कि इसी सेवा भावना के तहत यह सराहनीय कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि दिव्यज्योति नेत्रहीन संस्थान जैसे संस्थान समाज में प्रेरणा का कार्य कर रहे हैं और ऐसे प्रयासों को निरंतर प्रोत्साहन मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लबों और कृष्णा मुरारी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से किए गए योगदान की भी सराहना की गई। संस्थान प्रबंधन ने सभी सहयोगी संस्थाओं और दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से नेत्रहीन विद्यार्थियों को अधिक अनुकूल, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा, जिससे उनके शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास में मदद मिलेगी।
