September 11, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
हिंदी

रांची: राज्यसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन एकजुट, 8 जून को नामांकन दाखिल करेंगे बैद्यनाथ राम और प्रणव झा

रांची: राज्यसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन एकजुट, 8 जून को नामांकन दाखिल करेंगे बैद्यनाथ राम और प्रणव झा

रांची, 7 जून (आईएएनएस)। झारखंड में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है। रविवार को झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के अध्यक्ष हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जेएमएम के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम और कांग्रेस के उम्मीदवार प्रणव झा भी मौजूद रहे।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान जेएमएम के केंद्रीय महासचिव और मुख्य प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठबंधन की बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि दोनों उम्मीदवार सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगे, और इस दौरान गठबंधन के सभी विधायक एकजुट होकर उनके साथ मौजूद रहेंगे। पांडेय ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक गणित और विधायकों की संख्या को देखते हुए यह पूरी तरह स्पष्ट है कि इंडिया गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत तय है। उन्होंने कहा कि गठबंधन समय-समय पर जरूरत के अनुसार अपनी रणनीति बनाएगा।

वहीं, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने भी गठबंधन की एकता पर जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सभी विधायक एक साथ बैठे और चुनावी रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सोमवार को सुबह 11 बजे सभी विधायक एक साथ जाकर नामांकन दाखिल कराएंगे। प्रदीप यादव ने दावा किया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, सीपीआई (एमएल) और अन्य वामपंथी दल पूरी तरह एकजुट हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि गठबंधन के दोनों उम्मीदवार चुनाव में विजयी होंगे और इंडिया गठबंधन एक बार फिर अपनी ताकत साबित करेगा।

सीपीआई (एमएल) के विधायक बाबूलाल महतो ने भी गठबंधन की मजबूती का दावा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन पूरी तरह संगठित है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी 56 विधायक एक स्वर में दोनों उम्मीदवारों के समर्थन में खड़े हैं और सोमवार को नामांकन के दौरान भी यह एकता दिखाई देगी। महतो ने कहा कि जिस तरह गठबंधन नामांकन के समय एकजुट नजर आएगा, उसी तरह मतदान के दिन भी एकता का प्रदर्शन होगा और चुनाव में जीत सुनिश्चित होगी।

डीकेपी

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

हमें फॉलो करें

ताज़ा खबरों और अपडेट के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading