बहरागोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के ओड़िया माध्यम विद्यालयों में अब भी पुराने सिलेबस के आधार पर पढ़ाई होने से छात्र-छात्राओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार ओडिशा में वर्ष 2007 के बाद नवम और दशम वर्ग की पाठ्यपुस्तकों में पांच बार बदलाव किया जा चुका है, लेकिन झारखंड के ओड़िया माध्यम स्कूलों में अब भी पुराना पाठ्यक्रम ही संचालित हो रहा है।
पुराने सिलेबस के कारण विद्यार्थियों को किताबें उपलब्ध नहीं हो पा रही थीं। ऐसे में छात्र-छात्राएं अब तक नोट्स और किताबों की ज़ेरॉक्स कॉपी के सहारे पढ़ाई कर परीक्षा देने को मजबूर थे।
छात्रों की समस्या को देखते हुए सिंहभूम ओड़िया शिक्षा समिति के सचिव मनोरंजन गिरी ने किताबें छपवाने की पहल की। इसके तहत नवम एवं दशम वर्ग की साहित्य, एकांकिका सहित विभिन्न विषयों की करीब 1200 पुस्तकें तैयार कर अलग-अलग विद्यालयों में वितरित की गईं।
ये पुस्तकें पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय खांडामौदा, गुहियापाल ओड़िया उच्च विद्यालय, भवानी देवी उच्च विद्यालय चौरंगी, मिडिल स्कूल सासन गामारिया, कैमी हिंदी उच्च विद्यालय तथा केबी उच्च विद्यालय गामारिया में बांटी गईं। इस अवसर पर मनोज बेरा, लम्बोदर कुंवर, नित्यानंद मिश्र, बलराम रथ, बिद्याधर बेरा, लक्ष्मण गिरी, हरिपद पाल, रतिकांत सीट और निर्मल मंडल समेत कई लोग मौजूद थे।
