Jamshedpur news : गोलमुरी में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत से सनसनी फैल गई है। शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सरस्वती नगर, गाड़ाबासा स्थित मदन चक्की के समीप एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान फ्रांसिस बाकची उर्फ सोनू के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, फ्रांसिस बाकची स्वर्गीय कामेश्वर झा के मकान में किराए पर रहता था। स्थानीय लोगों और परिजनों ने बताया कि उसकी शादी परसुडीह के करणडेही क्षेत्र की एक युवती से होने वाली थी। बताया जाता है कि वह पहले भी वैवाहिक संबंध में रह चुका था, लेकिन बाद में वह संबंध समाप्त हो गया था।
परिजनों के मुताबिक, सोनू पिछले कुछ समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। शादी की तैयारियों और अन्य खर्चों को लेकर वह काफी तनाव में रहता था। उसने अपने परिचितों से यह भी कहा था कि आर्थिक व्यवस्था करने के लिए उसे अपनी मारुति डिजायर कार बेचनी पड़ सकती है। बाद में उसने अपनी कार करीब दो लाख रुपये में बेच दी थी।
फ्रांसिस बाकची पहले एयरबेस लॉजिस्टिक्स में कार्यरत था। बाद में वह गम्हरिया स्थित बीएमडब्ल्यू आईएसएल के यार्ड में काम कर रहा था। परिवार में उसके पीछे एक भाई और एक बहन हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के भाई रॉबर्ट बाकची ने बताया कि घटना से पहले रात करीब 2:30 बजे सोनू ने उनकी बहन को एक संदेश भेजा था। संदेश में उसने लिखा था कि वह अपनी परिस्थितियों से परेशान हो चुका है और आत्महत्या करने जा रहा है। रॉबर्ट के अनुसार, भाई के साथ उनकी नियमित बातचीत नहीं होती थी और कभी-कभी फोन या मैसेज के माध्यम से ही संपर्क हो पाता था।
पड़ोसियों का कहना है कि सोनू पिछले कुछ समय से तनावग्रस्त दिखाई देता था। मामले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां स्थानीय लोगों ने पुलिस को भी उपलब्ध कराई हैं।
फिलहाल गोलमुरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
दूसरी ओर मृतक का अपने भाई के साथ भी नियमित बातचीत नहीं होती थी। तनाव में रहने की बात आ रही है कि लेकिन निगाहें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पर है।

