September 11, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
हिंदी

पुडुचेरी में कैबिनेट विस्तार 17 जून को, कांग्रेस के दो और भाजपा का एक विधायक लेगा मंत्री पद की शपथ

पुडुचेरी में कैबिनेट विस्तार 17 जून को, कांग्रेस के दो और भाजपा का एक विधायक लेगा मंत्री पद की शपथ

पुडुचेरी, 10 जून (आईएएनएस)। पुडुचेरी मंत्रिपरिषद का बहु प्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार 17 जून को होने जा रहा है। इससे मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के पूरी क्षमता के साथ काम करने और केंद्र शासित प्रदेश का वार्षिक बजट पेश किए जाने से पहले विभागों के बंटवारे की प्रक्रिया शुरू करने का रास्ता साफ हो जाएगा।

मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी की सिफारिश पर राष्ट्रपति ने ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस के पी. राजावेलु और वी.पी. शिवकोलुंधु के साथ-साथ बीजेपी विधायक जी.एन.एस. राजशेखरन को मंत्री बनाने को मंजूरी दे दी है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार, उप-राज्यपाल के. कैलाशनाथन 17 जून को सुबह 9.45 बजे होने वाले एक समारोह में नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। उनकी नियुक्ति शपथ ग्रहण की तारीख से प्रभावी होगी।

2026 के विधानसभा चुनावों में एनडीए के सत्ता में बने रहने के लगभग एक महीने बाद कैबिनेट का विस्तार एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम है। गठबंधन ने विधानसभा की 30 में से 18 सीटें जीतीं, जिससे एन. रंगास्वामी के मुख्यमंत्री के तौर पर वापसी का रास्ता साफ हुआ। उन्होंने 13 मई को भाजपा नेता ए. नमासिवयम और वरिष्ठ एआईएनआरसी नेता मल्लादी कृष्णा राव के साथ पद की शपथ ली थी।

हालांकि, कैबिनेट गठन की प्रक्रिया पूरी होने तक मंत्रियों के विभागों का बंटवारा नहीं किया गया है।

राजावेलु और शिवकोलुंधु दोनों ही अनुभवी विधायक हैं और पहले अहम संवैधानिक पदों पर रह चुके हैं। राजावेलु पहले डिप्टी स्पीकर और मंत्री रह चुके हैं, जबकि शिवकोलुंधु पूर्व मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के दौरान विधानसभा के स्पीकर थे। कराइकल निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले राजशेखरन पहली बार मंत्री बनेंगे।

राजनीतिक जानकारों का मानना ​​है कि उन्हें शामिल करने का मकसद कैबिनेट में अनुसूचित जाति समुदाय और कराइकल क्षेत्र, दोनों को प्रतिनिधित्व देना है।

तीन मंत्रियों के शामिल होने से पुडुचेरी कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या अपनी तय सीमा तक पहुंच जाएगी। सरकारी सूत्रों ने संकेत दिया है कि शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद विभागों का बंटवारा होने की उम्मीद है। विधानसभा में स्पीकर और डिप्टी स्पीकर के पदों के लिए भी जल्द ही चुनाव होने की संभावना है।

ओपीवीसी

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

हमें फॉलो करें

ताज़ा खबरों और अपडेट के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading