जमशेदपुर : शुक्रवार को अचानक मौसम ने करवट लेते हुए शहरवासियों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी। दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज आंधी के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में जोरदार बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि बारिश शुरू होते ही लोगों ने सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ लगाई।
बारिश और तेज हवा का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिला। सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को तेज बारिश और कम दृश्यता के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में सड़क पर पानी जमा होने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। वहीं तेज आंधी के कारण कई जगहों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
शहर के कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी सूचना मिली है। हालांकि राहत की बात यह रही कि बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम काफी सुहावना हो गया। लोग लंबे समय बाद गर्मी और उमस से राहत महसूस करते नजर आए।
मौसम विभाग ने पहले ही तेज हवा और बारिश की संभावना जताई थी। विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
