5 से 21 जून तक चारों विधानसभा में होंगे कार्यक्रम, 31 मई को सभी बूथों पर ‘मन की बात’ पर हुई चर्चा


जमशेदपुर : जमशेदपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 5 जून से 21 जून तक ‘बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ महाअभियान चलाएगी। 5 से 21 जून तक चारों विधानसभा में होंगे कार्यक्रम। अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को बर्मामाइंस स्थित देवस्थान सभागार में भाजपा जमशेदपुर महानगर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को बर्मामाइंस स्थित देवस्थान सभागार में भाजपा जमशेदपुर महानगर की संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी तथा अभियान के मंडल संयोजक एवं सह-संयोजक मौजूद रहे।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए शीर्ष पांच मंडल अध्यक्षों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही आगामी 31 मई को सभी बूथों पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम आयोजित करने और अभियान की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के स्वाभिमान, सुशासन और जनकल्याण के रूप में याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा, गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि अभियान की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर शक्ति केंद्र स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम से होगी। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कार्यकर्ता पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
इसके अलावा 13 जून को जिला स्तर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत समाज के प्रतिष्ठित लोगों से संवाद किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 16 से 18 जून के बीच प्रबुद्धजन सम्मेलन एवं भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। वहीं अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंडल स्तर तक योग शिविर आयोजित कर किया जाएगा।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री जितेंद्र राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा ने दिया।
बैठक में आभा महतो, मेनका सरदार, संजीव सिन्हा, रामबाबू तिवारी, चंद्रशेखर मिश्रा, दिनेश कुमार, सुधांशु ओझा, राजीव सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, मनोज सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, अनिल सिंह, रीता मिश्रा, जटाशंकर पांडेय, खेमलाल चौधरी, संजीव सिंह, बबुआ सिंह, रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, तन्मय झा, रीना चौधरी, रेणु सिन्हा, प्रेम झा, ज्ञान प्रकाश, अमित सिंह, नीतीश कुशवाहा, नीलु मछुआ, सागर राय, मंजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
