August 10, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

पूर्वी सिंहभूम के पोटका के तिरिंग घाटी काली मंदिर क्षेत्र को मिलेगा पर्यटन स्थल का स्वरूप, विधायक संजीव सरदार ने किया निरीक्षण

पूर्वी सिंहभूम के पोटका के तिरिंग घाटी काली मंदिर क्षेत्र को मिलेगा पर्यटन स्थल का स्वरूप, विधायक संजीव सरदार ने किया निरीक्षण

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के पोटका के बनकटा गांव स्थित तिरिंग घाटी काली मंदिर क्षेत्र को जल्द पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। संजीव सरदार ने रविवार को हाता-तिरिंग मेन रोड स्थित ओडिशा बॉर्डर के समीप क्षेत्र का निरीक्षण कर पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लिया। घने जंगलों और प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे इस इलाके को आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।


जल्द वन विभाग को भेजा जाएगा प्रस्ताव

निरीक्षण के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि तिरिंग घाटी क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है और यहां हर वर्ष झारखंड एवं ओडिशा से हजारों लोग घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास को लेकर जल्द ही वन विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि योजनाबद्ध तरीके से पर्यटन सुविधाएं विकसित की जा सकें।
उन्होंने कहा कि झारखंड और ओडिशा के लोगों के पारिवारिक एवं सामाजिक संबंध भी इस क्षेत्र से जुड़े हैं। ऐसे में यहां पर्यटन स्थल विकसित होने से दोनों राज्यों के लोगों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिल सकेंगी।


पर्यटन से स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगा

विधायक ने कहा कि यह क्षेत्र झारखंड-ओडिशा सीमा पर स्थित होने के कारण दोनों राज्यों के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है। पर्यटन स्थल विकसित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। छोटे दुकानदारों, हस्तशिल्प व्यवसायियों, खानपान और परिवहन से जुड़े लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि सीमावर्ती गांवों की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना भी है, ताकि ग्रामीणों की आय में वृद्धि हो सके।


परिवार और बच्चों के लिए विकसित होंगी सुविधाएं

प्रस्तावित पर्यटन स्थल में बच्चों के खेलने की व्यवस्था, पिकनिक स्पॉट, बैठने की सुविधा और प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप अन्य जरूरी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। विधायक ने कहा कि तिरिंग घाटी क्षेत्र को ऐसा स्वरूप दिया जाएगा, जहां लोग परिवार के साथ सुरक्षित और बेहतर माहौल में समय बिता सकें।
उन्होंने इसे पोटका विधानसभा क्षेत्र के लिए एक और महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने से विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।


स्थानीय लोगों में दिखा उत्साह

विधायक के निरीक्षण के बाद स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं में उत्साह का माहौल देखा गया। लोगों ने कहा कि यदि क्षेत्र पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होता है तो इलाके की पहचान बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। ग्रामीणों ने विधायक संजीव सरदार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में विकास की नई राह खुलेगी।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading