August 10, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

छोटा गोविंदपुर सड़क हादसा: घायल रौशन शर्मा की हालत बिगड़ी, पंसस अंजय कुमार ने कराया टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती

छोटा गोविंदपुर सड़क हादसा: घायल रौशन शर्मा की हालत बिगड़ी, पंसस अंजय कुमार ने कराया टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती

जमशेदपुर: छोटा गोविंदपुर में शनिवार को हुए सड़क हादसे में घायल रौशन शर्मा की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। आर्थिक तंगी के कारण समुचित इलाज नहीं करा पाने से उसकी परेशानी बढ़ गई।

स्थिति गंभीर होने की जानकारी मिलने पर उत्तरी छोटा गोविंदपुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य (पंसस) सह टाटा मोटर्स यूनियन के कमेटी मेंबर अंजय कुमार सिंह ने पहल की और रौशन को अपने खर्च पर टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया।

रौशन शनिवार को तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आने से घायल हो गया था। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट लगी और पैर टूटने के साथ अंदरूनी चोट भी आई है।

दुर्घटना के बाद उसे इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया था। हालांकि, परिजनों के अनुसार वहां इलाज नहीं हो सका और रविवार को उसे डिस्चार्ज कर दिया गया।

आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण रौशन के परिवार के लिए किसी निजी या दूसरे अस्पताल में इलाज कराना संभव नहीं था। इसके बाद उसे घर लाया गया।

घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत और बिगड़ने लगी। इसकी जानकारी मिलने पर पंसस अंजय कुमार सिंह ने तत्काल मदद के लिए आगे आते हुए उसे टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल वहां उसका इलाज चल रहा है।

रौशन उत्तरी छोटा गोविंदपुर पंचायत के सुंदरहातू का रहने वाला है। वह गाड़ी धोने और पंचर बनाने का काम करता है। इसी काम से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।

सीमित आमदनी के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर बताई जा रही है। ऐसे में दुर्घटना के बाद इलाज का खर्च उठाना उसके लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

हादसे में सात वर्षीय बच्ची की हुई थी मौत

शनिवार को छोटा गोविंदपुर में हुए इसी सड़क हादसे में सात वर्षीय रूही कुमारी की मौत हो गई थी। बताया गया कि तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आने से रूही ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। हादसे में रूही का भाई और रौशन शर्मा भी घायल हुए थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। वहीं, घायल रौशन के इलाज और आर्थिक सहायता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल होने के बावजूद अब तक उसे किसी प्रकार का मुआवजा नहीं मिला है।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल के समुचित इलाज के साथ-साथ दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवार को आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading