पटमदा: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड के लोवाडीह में रविवार को शहीद निर्मल महतो स्मृति एंड एजुकेशन ट्रस्ट और टैलेंट सर्च एकाडेमी के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा-2026 में सफल दर्जनों विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
संस्था की ओर से पिछले कई महीनों से लोवाडीह में विद्यार्थियों के लिए पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा की निशुल्क कोचिंग संचालित की जा रही थी। इसके अलावा विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन कक्षाओं की भी व्यवस्था की गई थी।
शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की नियमित मेहनत का नतीजा रहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की।
समारोह में अतिथियों और शिक्षकों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और बेहतर मार्गदर्शन जरूरी है।
विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे इस सफलता को अपनी शैक्षणिक यात्रा की नई शुरुआत मानकर आगे भी पूरी लगन के साथ पढ़ाई जारी रखें।
संस्था के सदस्य शिक्षक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि आने वाले दिनों में इसी केंद्र पर मैट्रिक और इंटर स्तर की विभिन्न सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के लिए संस्था लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में शिक्षक प्रवीण कुमार, समाजसेवी विश्वनाथ महतो, जयराम महतो, प्रबोध कुमार महतो, मिहिर कुमार महतो, पूर्ण चंद्र महतो, विनय कुमार महतो, असित कुमार महतो और बृंदावन महतो समेत सफल विद्यार्थियों के अभिभावक और अन्य लोग मौजूद रहे।