![]()
पटना, 29 मई (आईएएनएस)। बिहार में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। राज्य के विभिन्न जिलों में वज्रपात की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को वज्रपात की इन घटनाओं पर दुख व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रुपए अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, गया जिले में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि औरंगाबाद में दो, सारण में एक और खगड़िया में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वज्रपात की इन घटनाओं पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है और सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी मृतकों के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील भी की है।
सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, राज्य में वज्रपात की घटना में औरंगाबाद में 2, गया में 3, सारण में 1 और खगड़िया में 1 व्यक्ति की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुःखद है।
उन्होंने आगे कहा कि शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें। आपदा प्रबंधन विभाग को मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान प्रदान करने का निर्देश दिया गया है।
सभी से अपील है कि खराब मौसम के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। वज्रपात से बचाव हेतु आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। खराब मौसम में यथासंभव घरों में रहें और सुरक्षित रहें।
एएसएचडीकेपी
