जमशेदपुर : नशे के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नारकोस” के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की गई है। आरपीएफ पोस्ट टाटा और सीआईबी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब 5 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को रेलवे सुरक्षा बल को स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर और यात्रियों की निगरानी तेज कर दी। इसी दौरान दो युवक संदिग्ध परिस्थिति में घूमते दिखाई दिए। पूछताछ के दौरान दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद उनके सामान की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बैग से अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया करीब 5 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। प्रारंभिक जांच में इस तस्करी के पीछे किसी बड़े नेटवर्क के जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए “ऑपरेशन नारकोस” लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत संदिग्ध यात्रियों और सामान की नियमित जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे परिसर को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के बाद गिरफ्तार दोनों आरोपियों और बरामद गांजा को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जीआरपी थाना टाटा को सौंप दिया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है
