July 29, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
राजनीति

मोदी सरकार के 12 वर्ष जन-विश्वास, सुशासन और विकास की ऐतिहासिक यात्रा : आदित्य साहू

मोदी सरकार के 12 वर्ष जन-विश्वास, सुशासन और विकास की ऐतिहासिक यात्रा : आदित्य साहू

जमशेदपुर: झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष 2014 से 2026 तक का दौर जन-विश्वास, सुशासन, विकास और जनकल्याण की ऐतिहासिक यात्रा का प्रतीक रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और झारखंड को मिले विकासात्मक सहयोग का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

कहा कि लगातार तीन लोकसभा चुनावों में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताकर यह स्पष्ट कर दिया है कि देश परिणाम आधारित और पारदर्शी शासन व्यवस्था को प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।

उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 4.31 लाख करोड़ रुपये की राशि गलत हाथों में जाने से रोकी गई। प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए, जबकि 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।

किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि ऋण सीमा में वृद्धि को महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया है। वहीं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और सुरक्षा बलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का भी उल्लेख किया।

आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में देशभर में लाखों किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क, रेलवे विद्युतीकरण, वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, मेट्रो नेटवर्क और हवाई अड्डों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया में तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, बढ़ते विदेशी निवेश और विभिन्न देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते भारत की वैश्विक भूमिका को मजबूत करने वाले कदम हैं।

झारखंड को मिला अभूतपूर्व सहयोग

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में झारखंड को रिकॉर्ड वित्तीय सहायता और विकास परियोजनाएं मिली हैं। उन्होंने बताया कि कर हस्तांतरण और केंद्रीय अनुदान की राशि में कई गुना वृद्धि हुई है, जिससे राज्य में विकास कार्यों को गति मिली है।

रेल और सड़क परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में रेलवे बजट में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, राज्य का शत-प्रतिशत रेल विद्युतीकरण पूरा हो चुका है तथा कई नई रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 57 स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों और ग्रीनफील्ड कॉरिडोर परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।

उन्होंने बताया कि देवघर हवाई अड्डे के संचालन से राज्य को नई पहचान मिली है, जबकि जमशेदपुर के धालभूमगढ़ में प्रस्तावित हवाई अड्डा परियोजना को लेकर भी केंद्र सरकार गंभीर है।

जनजातीय कल्याण, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष फोकस

आदित्य साहू ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम-जनमन योजना जैसी पहलें संचालित की जा रही हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में एम्स देवघर की स्थापना को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे राज्य को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिली हैं। इसके अलावा दुमका, हजारीबाग, पलामू, कोडरमा और चाईबासा में मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति भी दी गई है।

उद्योग और ऊर्जा क्षेत्र में सिंदरी उर्वरक संयंत्र के पुनरुद्धार तथा नॉर्थ करनपुरा ताप विद्युत परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में औद्योगिक विकास को नई गति मिली है।

प्रेस वार्ता के अंत में आदित्य साहू ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल आंकड़ों की उपलब्धि नहीं, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में उठाए गए निर्णायक कदमों की यात्रा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को अवश्य हासिल करेगा।

इस अवसर पर जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, जिला प्रभारी बबन गुप्ता, पूर्व विधायक मेनका सरदार, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा तथा मीडिया प्रभारी प्रेम झा सहित कई भाजपा नेता उपस्थित थे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading