July 25, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

गिरिडीह पायल कुमारी हत्याकांड: मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पीड़ित परिवार से मिलकर निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा

गिरिडीह पायल कुमारी हत्याकांड: मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पीड़ित परिवार से मिलकर निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा

गिरिडीह (झारखंड) : सिरसिया गांव में हुए चर्चित पायल कुमारी हत्याकांड को लेकर राज्य सरकार गंभीर नजर आ रही है।

रविवार को सुदिव्य कुमार सोनू पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे और उन्हें निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इस दौरान प्रमिला मेहरा भी मौजूद रहीं।

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने मृतका पायल कुमारी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताते हुए कहा कि 20 मई 2026 की सुबह सिरसिया पुराने पुल के नीचे युवती का शव बरामद होना पूरे समाज के लिए पीड़ादायक घटना है।

इस घटना ने न केवल सिरसिया गांव बल्कि पूरे गिरिडीह जिले को झकझोर कर रख दिया है।

परिजनों से बातचीत के दौरान मंत्री ने भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

मंत्री ने कहा कि किसी भी बेटी के साथ इस प्रकार की घटना सभ्य समाज के लिए कलंक है।

सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।

उन्होंने अधिकारियों को मामले की हर पहलू से जांच कर साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

वहीं प्रमिला मेहरा ने भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि शहर की जनता इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।

उन्होंने प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की।

घटना के बाद गांव में अब भी मातम और आक्रोश का माहौल है।

ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग उठाई।

लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई से ही अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा।

इधर पुलिस प्रशासन भी मामले की जांच में जुटा हुआ है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की सूचना सामने आ रही है।

हालांकि अब तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading