धनबाद : कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद दो नंबर इलाके में हुई फायरिंग और मारपीट की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह घटना 27 मई की बताई जा रही है, जिसमें गोली लगने से दो लोग घायल हो गए थे। दोनों का इलाज फिलहाल जारी है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि विकास बजरंगी और अमित यादव के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चल रही थी। इसी विवाद ने पहले मारपीट का रूप लिया और बाद में दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हो गई।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों आनंद यादव, विवेक ठाकुर और करण दास को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा और घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन बरामद की गई है।
बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने प्रेसवार्ता में बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
