जमशेदपुर : आगामी 28 मई (गुरुवार) को मनाए जाने वाले ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केंद्रीय समिति ने जिला प्रशासन से विशेष तैयारियां सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में पार्टी की ओर से प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपा गया।
झामुमो ने मांग पत्र में मुस्लिम बहुल मोहल्लों एवं बस्तियों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाने की आवश्यकता जताई है। साथ ही बकरीद के दिन 24 घंटे निर्बाध बिजली एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है। जिन क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति बनी रहती है, वहां अतिरिक्त टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया है।
पार्टी ने पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर देते हुए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की है। इसके अलावा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में गोपनीय बल की व्यवस्था तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने की अपील की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ संदेशों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
झामुमो ने कहा कि जमशेदपुर समेत पूरा पूर्वी सिंहभूम जिला हमेशा से आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी संस्कृति का प्रतीक रहा है। पार्टी ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन और आम लोगों के सहयोग से बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न होगा। साथ ही झामुमो ने जिले में अमन-चैन और भाईचारा बनाए रखने के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
