केंद्रीय बस्ती विकास कल्याण समित की पहल के बाद हटा जाम, चेतावनी दी- मुआवजा नहीं मिला तो भुगतना होगा गंभीर परिणाम
जमशेदपुर : शहर के भुइयांडीह में स्वर्णरेखा बर्निंग घाट के समीप अतिक्रमण कर बनाये गये घरों को तोड़ने के विरोध में गुरुवार को बस्तीवासियों ने सड़क जाम कर दिया।
करीब 2 घंटे के जाम के बाद पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां और केंद्रीय बस्ती विकास कल्याण समित की पहल पर जाम हटा लिया गया। हालांकि बस्ती वासियों ने साफ कर दिया है कि अगर उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिला और पुनर्वास नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में इसके लिए टाटा स्टील एवं जिला प्रशासन को गंभीर परिणाम भुगतना होगा।
दुलाल भुईयां के छोटे भाई बलदेव भुईयां ने बताया कि बुधवार को एक तरफ देश 75 वें संविधान दिवस पर संविधान की रक्षा करने का संकल्प ले रहा था, दूसरी तरफ जमशेदपुर जिला प्रशासन के साथ मिलकर टाटा स्टील द्वारा दलित- आदिवासी मूलवासी और पिछड़ों के मकान पर बुलडोजर चल रहा था जो सरासर अन्याय है।
उन्होंने बताया कि बगैर किसी पूर्व सूचना के बगैर 80 से भी अधिक मकानों को तोड़ा गया है। जिला प्रशासन पीड़ित परिवार को मुआवजा दे अन्यथा इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने टाटा स्टील को भी कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर प्रभावित परिवार का पुनर्वास और मुआवजा नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में टाटा स्टील का भी हुड़का जाम किया जाएगा। फिलहाल जाम हटने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस जरूर ली है मगर संभावित खतरे को लेकर तैयारी में भी जुट गया है।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण को हटाया गया।
