साकची एमजीएम अस्पताल में इमरजेंसी और एम्बुलेंस की सुविधा बहाल करे प्रशासन
जमशेदपुरः जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल को साकची से डिमना स्थानांतरण किये जाने से आम जनता को हो रही परेशानी को लेकर स्थानीय लोगों ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। उपायुक्त और सिविल सर्जन को ज्ञापन भी सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से साकची एमजीएम अस्पताल में इमरजेंसी और एम्बुलेंस की सुविधा बहाल करने की मांग की गयी है। आम लोगों का कहना है कि एमजीएम अस्पताल को साकची से डिमना स्थानांतरण किये जाने के पश्चात आमजन, विशेषकर गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को डिमना तक जाने के लिए अतिरिक्त समय लगने के कारण मरीज की स्थिति ज्यादा खराब हो रही है। सामाजसेवी मन्नू डोके ने बताया कि मानगो पुलिया अधिकांश समय जाम होता है, जिससे मरीजों को डिमना तक पहुंचने में जाम का सामना करना पड़ता है। इन सभी चीजों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन से तत्काल साकची एमजीएम अस्पताल में इमरजेंसी और एक एम्बुलेंस की सुविधा बहाल करने की मांग की गयी है।

