विधायक सरयू राय से मिले टाटानगर के एरिया मैनेजर, ट्रेनों की लेटलतीफी पर बताया जल्द ही हो जाएगा समस्या का समाधान
विधायक बोले-आंकड़ों से उनका कोई सरोकार नहीं, स्थिति नहीं सुधरी तो जल्द ही आंदोलन के अगले चरण की होगी घोषणा
जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम के निर्देश पर टाटानगर रेलवे स्टेशन के एरिया मैनेजर ने विधायक सरयू राय से मुलाकात कर यात्री ट्रेनों के समय पर परिचालन को लेकर रेल प्रशासन के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि ट्रेनों को समय पर चलाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है और जल्द ही लेटलतीफी की समस्या दूर हो जाएगी।
एरिया मैनेजर ने एक चार्ट भी सौंपा, जिसमें करीब 13 यात्री ट्रेनों के समय पर खुलने और पहुंचने का उल्लेख है। इसमें साउथ बिहार एक्सप्रेस, टाटा-थावे एक्सप्रेस और स्टील एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को शामिल किया गया है।
हालांकि, इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रेल यात्री संघर्ष समिति ने साफ कहा कि आंकड़े आम यात्रियों की परेशानी का समाधान नहीं हैं। समिति का कहना है कि उन्हें मालगाड़ियों के परिचालन में कमी या वृद्धि से कोई सरोकार नहीं है, बल्कि उनकी एकमात्र मांग यह है कि यात्री ट्रेनें टाटानगर स्टेशन से समय पर आएं और समय पर प्रस्थान करें।
एरिया मैनेजर ने यह भी बताया कि हाल के दिनों में चक्रधरपुर मंडल में मालगाड़ियों के परिचालन में करीब दो प्रतिशत की कमी की गई है, ताकि यात्री ट्रेनों के संचालन में सुधार लाया जा सके। इस पर समिति ने दो टूक कहा कि प्राथमिकता केवल यात्री ट्रेनों को मिलनी चाहिए, चाहे मालगाड़ियों की संख्या बढ़े या घटे।
इससे पहले डीआरएम ने भी फोन पर बातचीत के दौरान हाल ही में हुई बैठक और मीडिया में प्रकाशित खबरों की हेडलाइन पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन ट्रेनों को समय पर चलाने के लिए गंभीर प्रयास कर रहा है और इस तरह के बयान निरुत्साहित करते हैं।
इस पर समिति की ओर से स्पष्ट किया गया कि उनका संघर्ष रेल प्रशासन से नहीं, बल्कि ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी के खिलाफ है। समिति ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी।
वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ट्रेनों की वास्तविक देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। 13 अप्रैल को बादाम पहाड़ मेमू, हावड़ा मेल, चक्रधरपुर-टाटा और शालीमार एक्सप्रेस के निर्धारित समय से काफी देरी से चलने की जानकारी सामने आई है, जबकि आधिकारिक आंकड़ों में कम देरी दर्शाई गई।
समिति ने मांग की है कि रेल प्रशासन पारदर्शिता बनाए रखते हुए प्रतिदिन यात्री ट्रेनों के परिचालन की रिपोर्ट जारी करे और लेटलतीफी खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाए।
इस आशय की जानकारी जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा एक विज्ञप्ति जारी कर दी गई है।
