बड़ाजामदा में ठगी : जेवर चमकाने के बहाने सोने की चेन लेकर फरार
दो ठग खुद को कंपनी कर्मी बताकर घर में घुसे, महिलाओं को झांसे में लेकर वारदात को दिया अंजाम
गुवा : बड़ाजामदा बाजार क्षेत्र में ठगी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां दो अज्ञात ठगों ने जेवर चमकाने के बहाने घर में प्रवेश कर सोने की चेन उड़ा ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सतर्क हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बड़ाजामदा बाजार स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के मिनी बैंक संचालक रंजीत कुमार वर्मा उर्फ चिंटू के घर दो युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खटखटाकर खुद को “उजाला रॉयल कंपनी” का कर्मचारी बताया और सोने-चांदी समेत पीतल व तांबे के बर्तन व गहनों को चमकाने की बात कही।
घर की महिलाओं ने पहले परीक्षण के तौर पर एक तांबे की प्लेट दी, जिसे ठगों ने साफ कर वापस कर दिया। इसके बाद उन्होंने चांदी के पायल भी चमकाकर लौटा दिए, जिससे महिलाओं का भरोसा और मजबूत हो गया।
इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए ठगों ने सोने की चेन भी मांगी। उन्होंने चेन को एक पाउडर में डालकर महिलाओं से पानी लाने को कहा। जैसे ही महिलाएं अंदर गईं, दोनों ठग चेन लेकर फरार हो गए और उसकी जगह कागज की पुड़िया में पत्थर रखकर छोड़ गए। जब महिलाओं ने पुड़िया खोली तो उसमें पत्थर देखकर उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में दोनों ठगों की गतिविधियां कैद हुई हैं, जिसमें वे अन्य घरों में भी इसी तरह प्रवेश की कोशिश करते नजर आए, हालांकि कुछ लोगों ने उन्हें भगा दिया।
थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने लोगों से अपील की है कि वे अजनबियों से सतर्क रहें और बिना पहचान सत्यापन किसी को घर में प्रवेश न दें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही ऐसे अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।
