सोनारी बाजार में किराया वृद्धि पर बवाल, दुकानदारों ने रोका भुगतान
जमशेदपुर : सोनारी स्थित कागलनगर बाजार और गुदरी बाजार के दुकानदारों में अचानक किराया बढ़ाए जाने को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि वे वर्षों से टाटा स्टील द्वारा लीज पर दी गई दुकानों का संचालन कर रहे हैं और नियमित रूप से निर्धारित किराया जमा करते आए हैं।
बिना पूर्व सूचना किराया बढ़ाने के विरोध में सोनारी के दुकानदारों ने नाराजगी जताई, लिखित आदेश मिलने तक पुराने दर पर भुगतान की बात कही।
दुकानदारों के अनुसार, मार्च 2026 से बिना किसी पूर्व सूचना के जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के अधिकारियों द्वारा बढ़ा हुआ किराया मांगा जा रहा है। जब व्यापारियों ने इस बढ़ोतरी का आधार जानना चाहा और संबंधित नियम या आदेश की जानकारी मांगी, तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
इस स्थिति को लेकर व्यापारियों ने फिलहाल बढ़े हुए किराये का भुगतान रोक दिया है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें किराया वृद्धि से संबंधित लिखित आदेश (ऑर्डर कॉपी) नहीं दिया जाता, तब तक वे पुराने दर पर ही किराया जमा करेंगे।
दुकानदारों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि पुराने किराये के भुगतान के लिए एक सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे काउंटर, ऑनलाइन, बैंक या डाकघर के माध्यम से रसीद के साथ भुगतान कर सकें।
व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर स्थिति स्पष्ट करने और इस मामले का उचित समाधान निकालने की मांग की है।
