जमशेदपुर में दूषित पानी पर फूटा लोगों का गुस्सा, अभिभावक संघ का प्रदर्शन
जमशेदपुर: शहर में दूषित और बदबूदार पानी की आपूर्ति से परेशान लोगों का आक्रोश शुक्रवार को सड़कों पर नजर आया। जमशेदपुर अभिभावक संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने डीसी को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।
संघ के सदस्यों का कहना है कि पिछले करीब तीन हफ्तों से शहर के कई इलाकों में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। विशेष रूप से कदमा क्षेत्र के भाटिया बस्ती, उलियान, रामजन्मनगर और शास्त्रीनगर में स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। लोगों के अनुसार, पानी में मिट्टी और कचरा साफ दिखाई देता है, वहीं कई बार उसमें कीड़े भी पाए जा रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
अभिभावक संघ के डॉ. उमेश कुमार ने बताया कि पानी की गुणवत्ता इतनी खराब है कि यदि उसे कुछ समय के लिए किसी बर्तन में रखा जाए, तो नीचे गंदगी की परत जम जाती है और पानी से तेज बदबू आने लगती है। उन्होंने कहा कि यह पानी पीने योग्य नहीं है और इससे बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित कंपनी को जल परीक्षण के लिए मानक प्रमाणन प्राप्त है, इसके बावजूद आपूर्ति में भारी लापरवाही बरती जा रही है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
लोग गंदा पानी साथ लेकर उपायुक्त कार्यालय पहुंचे, ताकि प्रशासन को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जा सके। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
अभिभावक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
