ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ टाटानगर स्टेशन पर मंगलवार को ‘नागरिक हुंकार’, विधायक सरयू राय के नेतृत्व में होगा बड़ा धरना
जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर के रेल यात्रियों के सब्र का बांध अब टूट चुका है। यात्री ट्रेनों की लगातार होती लेटलतीफी के विरोध में मंगलवार, 7 अप्रैल को टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक विशाल नागरिक धरना आयोजित किया जा रहा है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर आयोजित इस धरने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ताओं ने इसके लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया है, जिससे इस आंदोलन को भारी जनसमर्थन मिलने की उम्मीद है।
रेलवे का जवाब ‘ठेंगा’ दिखाने जैसा: अजय कुमार
धरना कार्यक्रम के संयोजक और जदयू महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने रेलवे प्रशासन द्वारा भेजे गए स्पष्टीकरण को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पत्र पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे ने जिन कार्यों को ‘त्वरित कार्यवाही’ बताया है, धरातल पर उनका कोई प्रभाव नजर नहीं आ रहा।
पत्र में बताई गई अल्पकालीन और दीर्घकालीन योजनाएं केवल रेलवे के आंतरिक दस्तावेज हैं, जिनसे आम यात्री को कोई राहत नहीं मिल रही।
उन्होंने कहा कि विधायक सरयू राय और डीआरएम के बीच हुई बैठक के बावजूद, रेलवे ने अब तक वह लिखित प्रतिवेदन नहीं दिया जिसमें ट्रेनों के विलंब का तार्किक विश्लेषण हो।
अजय कुमार के अनुसार रेलवे ने हमारे सवालों के अनुरूप जवाब नहीं दिया है। हमने पिछले तीन महीनों के आंकड़ों और पिछले पांच वर्षों में ट्रेनों की संख्या में हुए बदलाव का ब्यौरा मांगा था, जो अब तक अप्राप्त है।
