चाकुलिया के मुराठाकुरा गांव में सबर युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस कर रही छानबीन
चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड के जुगीतोपा पंचायत के मुराठाकुरा गांव में बीती रात 21 वर्षीय युवती समरिका सबर ने अपने घर के पीछे एक पेड़ से गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इस घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही रात में चाकुलिया थाना के एसआई अजीत कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया।
पुलिस ने युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार किया और सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छानबीन शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
