जमशेदपुर के परसुडीह और सुंदरनगर थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक, छह दुकानों को बनाया निशाना
जमशेदपुर : शहर के परसुडीह और सुंदरनगर थाना क्षेत्रों में बुधवार रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से छह दुकानों को निशाना बनाकर पुलिस गश्त को खुली चुनौती दे डाली। हालांकि, चोर केवल दो दुकानों में ही चोरी करने में सफल हो सके।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है।
परसुडीह थाना क्षेत्र के शिव मंदिर रोड स्थित बाजार में चोरों ने एक के बाद एक तीन दुकानों—अपना मार्ट, जनार्दन ज्वेलर्स और संतोषी भंडार—के ताले तोड़ दिए। जनार्दन ज्वेलर्स में चोरों ने 8 से 10 ताले काटकर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे गहनों की चोरी करने में असफल रहे।
परसुडीह स्थित “अपना मार्ट” को सबसे जयादा नुकसान हुआ। बीती रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना में अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नकदी के साथ-साथ महंगे ड्राईफ्रूट एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए।
घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह दुकान मालिक रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ है और शटर कटा हुआ है।
अंदर प्रवेश करने पर दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले से नकदी समेत कई कीमती वस्तुएं गायब थीं। यह देख उनके होश उड़ गए। दुकान मालिक ने तुरंत परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे व्यवसायियों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है।
पुलिस की ओर से भी बार-बार गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया जाता है लेकिन धरातल पर कुछ नजर नहीं आ रहा है। चोरी की घटनाओं का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है।
