भूमिज भाषा को जे-टेट में शामिल कराने पर भूमिज समाज के लोगों ने मनाया जश्न
समाज के लोगों का प्रतिनिधिमंडल तुरामडीह स्थित विधायक के आवासीय कार्यालय में ढोल नगाड़ों के साथ पहुँचा, जताया आभार
पोटका : पोटका विधायक संजीव सरदार के तुरामडीह स्थित आवासीय कार्यालय में भूमिज भाषा को जे-टेट 2026 में शामिल किए जाने के ऐतिहासिक निर्णय पर भूमिज समाज के सैकड़ो लोगो का प्रतिनिधिमंडल ढोल नगाड़ो के साथ पहुँचा. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
भूमिज समाज ने जताया आभार, लोगो में दिखा नया उत्साह
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि विधायक संजीव सरदार ने हमेशा समाज के अधिकार, सम्मान और पहचान के लिए मजबूती से आवाज उठाई है। उनके निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि आज भूमिज भाषा को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान मिली है। इस ऐतिहासिक फैसले से समाज के युवाओं को अपनी मातृभाषा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
समाज के हक और पहचान के लिए संघर्ष जारी रहेगा : संजीव सरदार
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि समाज के अधिकार, सम्मान और पहचान की रक्षा के लिए वे हमेशा प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि भूमिज भाषा को जे-टेट में शामिल किया जाना समाज के लंबे संघर्ष का परिणाम है और यह शिक्षा के क्षेत्र में एक नई दिशा देगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगे भी वे समाज के विकास, शिक्षा और हक के लिए इसी तरह निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
इस अवसर पर उदय सरदार, दीपक सरदार, फूलचंद सरदार, भारत सरदार, गोपीनाथ सरदार, मजोहर सरदार, संजय सरदार, लाल सरदार, ग्राम प्रधान भुगनू सरदार, मधु सरदार, बिहारी लाल सरदार एवं मुखिया काली पदो सरदार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
