सरायकेला के राजनगर- कुनाबेड़ा मार्ग पर संतुलन बिगड़ने से पलटा हाईवा, बाल-बाल बचा चालक
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के टांगरानी गांव के समीप राजनगर- कुनाबेड़ा मार्ग पर जब फ्लाई एश लदा 12 चक्का हाईवा अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में चालक बाल- बाल बच गया. घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है।
बताया जा रहा है कि बैक करने के दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण हादसा हुआ।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला. कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा- तफरी का माहौल बना रहा.
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में फ्लाई एश लदे हाइवा का आवागमन होता है, जिससे सड़क की हालत खराब हो रही है. उड़ती राख के कारण लोगों को सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और लगातार हो रहे हादसों से भय का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे भारी वाहनों के संचालन पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और पर्यावरणीय जोखिम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
