बोड़ाम प्रखंड में BLA-2 सदस्यों को SIR प्रक्रिया पर दिया गया प्रशिक्षण: परविंदर सिंह
बोड़ाम: झारखंड प्रदेश कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस के आह्वान पर बोड़ाम प्रखंड कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में संवाद सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार महतो ने की। यह कार्यक्रम शहीद रामलाल महतो मैदान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक संजय सिंह आजाद ने SIR प्रक्रिया में BLA-2 सदस्यों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने फार्म 6, 7 और 8 भरने की प्रक्रिया, मैपिंग की अवधारणा तथा आवश्यक 11 प्रकार के दस्तावेजों के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया।
जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने संगठनात्मक कार्यों पर जोर देते हुए कहा कि प्रखंड, मंडल एवं पंचायत स्तर पर समितियों और BLA-2 सदस्यों का गठन समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया।
आनंद बिहारी दुबे ने अपने संबोधन में अनुशासन और आंदोलन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता की छोटी-छोटी समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए और आंदोलन के माध्यम से उनके समाधान को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि BLA-2 सदस्य यह सुनिश्चित करें कि हर पात्र मतदाता का नाम सही रूप से जुड़ा हो।
कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने देश के विकास में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, रेलवे और आईटी जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और BLA-2 सदस्यों से संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
वरिष्ठ नेता खगेनचंद्र महतो ने पेसा कानून के तहत ग्रामसभा के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि किशनलाल महतो ने मनरेगा अधिनियम की जानकारी दी। प्रखंड प्रभारी विश्वजीत जेना ने वनाधिकार कानून, वहीं प्रखंड पर्यवेक्षक अशोक कुमार सिंह ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के उपाय बताए। प्रदेश सचिव सामंता कुमार ने जनहित में मजबूत आंदोलन की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रखंड अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार महतो ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।
इस अवसर पर BLA-2 सदस्य सुधीर टुडू, बलराम महतो, शिशुलाल महतो, नित्यानंद महतो, चंद्र मोहन महतो, हिमांशु महतो, डोमन महतो, रतूनाथ भुईया, अमर कुमार मिश्रा, अमित श्रीवास्तव, देवेंद्र कुमार एवं फिरोज खान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
