जमशेदपुर। झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश (दिनांक 11 मार्च 2026) एवं पत्रांक 3680-3703 (दिनांक 16 मार्च 2026) के अनुपालन में पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
यह निरीक्षण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी तथा सिविल सर्जन साहिर पॉल द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान कारागार में बंदियों के लिए उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। इसमें विशेष रूप से बंदियों की स्वास्थ्य समस्याओं, उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों तथा चिकित्सकों की तैनाती की स्थिति का आकलन किया गया।
अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि कारागार में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों, सभी आवश्यक उपकरण सुचारू रूप से कार्यरत रहें और चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति बनी रहे।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए ताकि बंदियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा सके।
यह निरीक्षण उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य कारागार में रह रहे बंदियों के स्वास्थ्य और उनके अधिकारों की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
