जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले की करीब 2.86 लाख महिला लाभुकों को मईयां सम्मान योजना के तहत अप्रैल माह की सहायता राशि जल्द मिलने वाली है। सामाजिक सुरक्षा विभाग ने राशि को सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सामाजिक सुरक्षा विभाग की प्रभारी सहायक निदेशक रूपा रानी तिर्की ने मीडिया को जानकारी दी कि भुगतान की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से लाभुकों के खातों में राशि भेज दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से भुगतान में हुई देरी की समस्या का समाधान कर लिया गया है, जिससे अब राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम हो गई है।
लाभुक अपने भुगतान की स्थिति की जानकारी नजदीकी बैंक शाखा या प्रज्ञा केंद्र जाकर प्राप्त कर सकते हैं। विभाग ने महिलाओं को सलाह दी है कि वे अपने बैंक खाते की जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखें, ताकि राशि हस्तांतरण के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मईयां सम्मान योजना झारखंड सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
इस योजना का लाभ झारखंड की स्थायी निवासी 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं उठा सकती हैं। हालांकि, ऐसे परिवार जिनमें कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी हो या आयकरदाता हो, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, मतदाता पहचान पत्र तथा पासपोर्ट आकार के फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य है।
अप्रैल माह की किस्त जारी होने से पूर्वी सिंहभूम जिले के हजारों परिवारों को राहत मिलेगी। इससे महिलाओं को दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।
