August 10, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

11 वर्षों से अधूरी बागबेड़ा जलापूर्ति योजना के खिलाफ धरना, 15 दिन में शुरू नहीं हुई सप्लाई तो तेज होगा आंदोलन

11 वर्षों से अधूरी बागबेड़ा जलापूर्ति योजना के खिलाफ धरना, 15 दिन में शुरू नहीं हुई सप्लाई तो तेज होगा आंदोलन

जिला प्रशासन ने 14 जून से जलापूर्ति शुरू कराने का दिया था भरोसा

दूरदराज से लोगों का लाना पड़ रहा पानी, बढ़ जाती हैं परेशानियां

गर्मी के मौसम में चापाकल, टैंकर व वैकल्पिक जुगाड़ से चल रहा काम

Jamshedpur news : वर्षों से पानी की समस्या झेल रहे बागबेड़ा के वाशिंदों का धैर्य जवाब दे गया। प्रशासन की वादाखिलाफी से यहां के लोगों में आक्रोश है।

बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना को जल्द शुरू करने की मांग को लेकर रविवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन के समीप ग्रामीण विकास संघर्ष समिति के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के संचालक एवं पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव ने किया।

धरना में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर 11 वर्षों से लंबित योजना को अविलंब चालू करने की मांग उठाई।

धरना को संबोधित करते हुए किशोर यादव ने कहा कि बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना पिछले करीब 11 वर्षों से अधूरी पड़ी है। कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद क्षेत्र के लोगों को अब तक इसका लाभ नहीं मिल सका है।

उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से 14 जून से जलापूर्ति शुरू करने का भरोसा दिया गया था, जिससे लोगों में उम्मीद जगी थी, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी योजना शुरू नहीं हो सकी।

उन्होंने कहा कि बागबेड़ा, हरहरगुट्टू और आसपास के इलाकों की बड़ी आबादी आज भी पेयजल संकट का सामना कर रही है।

विशेषकर गर्मी के मौसम में लोगों को चापाकलों, टैंकरों और अन्य वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। कई परिवारों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता है, जिससे उनकी दैनिक परेशानियां बढ़ जाती हैं।

किशोर यादव ने कहा कि यह योजना हजारों लोगों के लिए जीवनरेखा साबित हो सकती है। इसके चालू होने से क्षेत्रवासियों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल मिलेगा और जलजनित बीमारियों पर भी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि यदि किसी तकनीकी या प्रशासनिक कारण से योजना प्रभावित है तो उसे तत्काल दूर कर जलापूर्ति शुरू की जाए।

धरना के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्षों से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर कोई ठोस परिणाम नहीं दिख रहा है।

उन्होंने कहा कि लोगों का धैर्य अब जवाब देने लगा है और वे अपने अधिकार के लिए आंदोलन करने को मजबूर हैं।

समिति के सदस्यों ने मांग की कि संबंधित विभाग योजना की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करे और यह स्पष्ट बताए कि जलापूर्ति शुरू होने में और कितना समय लगेगा।

धरना के समापन पर किशोर यादव ने चेतावनी दी कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना शुरू नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

जरूरत पड़ने पर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति के लिए प्रशासन और संबंधित विभाग जिम्मेदार होंगे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading