रिकॉर्ड समय में गेल ने शुरू की टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट को PNG आपूर्ति
जमशेदपुर : गेल (इंडिया) लिमिटेड ने जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स के प्लांट को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति सफलतापूर्वक शुरू कर दी है। यह प्लांट प्रोपेन की कमी के कारण बंद होने की कगार पर था।
गेल की टीम ने उल्लेखनीय दक्षता का प्रदर्शन करते हुए 24 घंटे लगातार युद्धस्तर पर काम किया और समझौते पर हस्ताक्षर के मात्र 9 दिनों के भीतर ही गैस पाइपलाइन बिछाकर आपूर्ति शुरू कर दी। इस उपलब्धि के साथ जमशेदपुर का टाटा मोटर्स प्लांट क्षेत्र का दूसरा बड़ा टाटा प्लांट बन गया है, जो गेल की पीएनजी पर संचालित हो रहा है। इससे पहले टाटा स्टील का कॉम्बी मिल अक्टूबर 2025 से गेल की प्राकृतिक गैस पर चल रहा है।
कमीशनिंग के दौरान गेल के जीएम/जीए इंचार्ज गौरी शंकर मिश्रा ने इस सामूहिक प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा, “गेल टीम और टाटा ने मिलकर युद्धस्तर पर काम करते हुए इस लक्ष्य को हासिल किया। इस उत्कृष्ट कार्य में योगदान देने वाले सभी सदस्यों का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
इस अवसर पर श्री गौरी शंकर मिश्रा के साथ टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि गोलाम मंडल (जीएम), रजत सिंह (टाउन एडमिनिस्ट्रेशन हेड) सहित दोनों संगठनों की टीमें उपस्थित रहीं।
श्मिश्रा ने आगे बताया कि घरेलू और व्यावसायिक पीएनजी के साथ-साथ गेल अब औद्योगिक क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दे रही है। विशेष रूप से उन क्षेत्रों में कार्य किया जा रहा है जहां एलपीजी, प्रोपेन या अन्य हाइड्रोकार्बन की कमी के कारण संकट की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ऐसे स्थानों पर पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि ऊर्जा आपूर्ति अधिक स्थिर और सुलभ बनाई जा सके।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आने वाले कुछ हफ्तों में गेल पांच और उद्योगों को अपने पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए तेजी से कार्य कर रही है।

