मानगो आजादनगर में गणगोर स्वीट्स के पास दो युवकों ने खुलेआम लहराए हथियार, मची अफरा-तफरी, इलाके में दहशत
पत्नी की सरेआम पिटाई कर रहा था आरोपी, जुटने लगी भीड़ तो डराने को लहराए हथियार, कुछ युवकों ने पकड़ने की कोशिश तो हो गया फरार
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद, पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी, कुछ युवकों ने पकड़ने की कोशिश तो भागा
जमशेदपुर : मानगो आजादनगर में सरेआम कर रहा था पत्नी की पिटाई। लोग बीच-बचाव करने आए तो लोगों को डराने के मकसद से निकाला हथियार और लहराने लगा। धीरे-धीरे भगदड़, भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना गणगोर स्वीट्स के सामने हुई।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी शारिक इमाम अपनी पत्नी को अपने दोस्त सलमान के साथ हाईवे पर बातचीत के बहाने लेकर गया था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि लौटने के दौरान बाइक पर ही शारिक ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
पीड़िता ने विरोध करते हुए खुद को बचाने की कोशिश की लेकिन आरोपी का गुस्सा बढ़ता गया। महिला के साथ हो रहे दुर्व्यवहार को देख आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
भीड़ इकट्ठा होते देख आरोपियों ने लोगों को डराने के लिए हथियार निकाल लिए और लहराने लगे, जिससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसी बीच एक साहसी युवक ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने महिला को सुरक्षित गणगोर स्वीट्स तक पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
