बालीगुमा जल मीनार निरीक्षण में मिली खामियां, मेयर सुधा गुप्ता ने जताई नाराजगी
जमशेदपुर : मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने शुक्रवार को बालीगुमा क्षेत्र स्थित जल मीनार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ पूरे परियोजना स्थल का गहन अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और लंबित कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण में पाया गया कि जल आपूर्ति योजना के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइन कई स्थानों पर अब भी अधूरी है, जिससे क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति बाधित हो रही है। इसके अलावा जल मीनार परिसर में उपयोग हो रही कई सामग्री और उपकरण जर्जर अवस्था में मिले, जिससे कार्य की गुणवत्ता और योजना की दीर्घकालिक स्थिरता पर सवाल उठे।
मेयर सुधा गुप्ता ने इन कमियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही जनहित के साथ खिलवाड़ है और इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधूरी पाइपलाइन का काम प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए और जर्जर सामग्री को बदलकर उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, कार्य की नियमित निगरानी और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
मेयर ने कहा कि जल आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधा में बाधा सीधे आम जनता को प्रभावित करती है, इसलिए इस योजना को तय समयसीमा में पूरा करना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा और क्षेत्र में नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
अंत में मेयर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस महत्वपूर्ण योजना को तेजी से पूरा कर बालीगुमा के लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

