जिले में 4.60 लाख ‘सीएम फोटो वाले झोले’ पहुंचे, जल्द शुरू होगा वितरण
जमशेदपुर। जन वितरण प्रणाली (PDS) के दुकानदारों के माध्यम से एक बार फिर लाभुकों के बीच झोला वितरण की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार भी झोलों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तस्वीर छपी हुई है। जिले में करीब 4.60 लाख झोले पहुंचे हैं, जिनका वितरण जल्द शुरू किया जाएगा।
झोलों से भरे बोरे आपूर्ति कार्यालय परिसर में रखे गए हैं, जिससे बरामदा पूरी तरह भर गया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फीकार अंसारी ने बताया कि वितरण प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी।
प्रत्येक राशन कार्डधारी परिवार को एक झोला दिया जाएगा। वर्तमान में जिले में 3.65 लाख प्राथमिक (PH) कार्डधारी, 54 हजार अंत्योदय परिवार और 41,533 ग्रीन कार्डधारी परिवार हैं। इस प्रकार कुल मिलाकर 4.60 लाख से अधिक झोलों का वितरण प्रस्तावित है।
गौरतलब है कि झोला वितरण योजना की शुरुआत मुख्यमंत्री बनने के बाद चंपई सोरेन ने की थी। हालांकि, उनके कार्यकाल के दौरान झोले जिला मुख्यालय तक ही पहुंचे थे कि सत्ता परिवर्तन हो गया और हेमंत सोरेन ने दोबारा पदभार संभाल लिया।
इसके बाद पहले खेप के झोलों का आंशिक वितरण हुआ, फिर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तस्वीर वाले नए झोलों का वितरण विधानसभा चुनाव से पहले किया गया था। अब तीसरी बार पूर्वी सिंहभूम सहित पूरे राज्य में झोला वितरण अभियान चलाया जाएगा।
