टाटा स्टील कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत : ₹25 लाख तक कैशलेस हेल्थ बीमा, पुरानी बीमारियां भी पहले दिन से कवर
जमशेदपुर: समय के साथ कंपनियों की नीतियों में बदलाव देखने को मिल रहा है। कई दशकों से टीएमएच के जरिए टाटा स्टील के कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं में हर साल सुधार किया जा रहा है।
अब टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए एक नई वैकल्पिक फैमिली मेडिक्लेम पॉलिसी की घोषणा की है। यह पॉलिसी सामान्य बीमा योजनाओं की तुलना में अधिक किफायती, सुलभ और सुविधाजनक बताई जा रही है।
इस योजना के तहत कर्मचारी अपनी जरूरत के अनुसार ₹2 लाख से ₹25 लाख तक का कैशलेस हेल्थ कवर चुन सकते हैं। प्रीमियम का भुगतान एकमुश्त नहीं करना होगा, बल्कि इसे 12 मासिक किस्तों में वेतन से काटा जाएगा।
कंपनी के अनुसार, पॉलिसी में नामांकन चार चरणों में होगा। पहले चरण में शामिल होने की अंतिम तिथि 20 अप्रैल निर्धारित की गई है। क्लेम प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए टाटा एआईजी और मेडिअसिस्ट टीपीए को शामिल किया गया है। नए कर्मचारियों को जॉइनिंग के 60 दिनों के भीतर आवेदन करने की सुविधा मिलेगी।
पॉलिसी की मुख्य विशेषताएं:
- किसी भी प्रकार की 30 दिन की प्रतीक्षा अवधि नहीं होगी
- पहले से मौजूद बीमारियां भी पहले दिन से कवर होंगी
- ₹10,000 से ₹50,000 तक ओपीडी कवर का विकल्प
- ऑनलाइन डॉक्टर परामर्श की सुविधा शामिल
- अस्पताल में भर्ती होने पर रूम रेंट की कोई ऊपरी सीमा नहीं
