मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने माँ कामाख्या मंदिर में की पूजा-अर्चना, झारखण्ड वासियों की खुशहाली की कामना की
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने असम के गुवाहाटी स्थित शक्तिपीठ माँ कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने माँ के चरणों में शीश नवाकर समस्त झारखण्ड वासियों की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। पुजारी ने पूरे विधि विधान से कराई पूजा।
पूजा अर्चना के बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कामाख्ये कामसम्पन्ने कामेश्वरि हरप्रिये। कामनां देहि मे नित्यं कामेश्वरि नमोऽस्तु ते॥ उन्होंने कहा -असम में मां कामाख्या के पावन धाम में आज पूजा-अर्चना कर सभी के सुख, समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, उन्नति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हेमंत सोरेन ने ये भी कहा- असम की वीर और क्रांतिकारी भूमि के मेरे भाइयों-बहनों, बुजुर्गों और बच्चों से मुझे जो स्नेह और आशीर्वाद मिला है, उससे मन अभिभूत है। यह विश्वास और प्रेम हमारी ताकत है। तीर-धनुष के संकल्प के साथ आपका अपना जेएमएम शोषित, वंचित और आदिवासी समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और आपको हक-अधिकार दिलाकर रहेगा। मां कामाख्या सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें, सबका कल्याण करें।


