आदित्यपुर में बेखौफ अपराधियों ने आशियाना इलाके में की ताबड़तोड फायरिंग, दहशत में स्थानीय लोग
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, सुबह 6:55 बजे आशियाना इलाके में फायरिंग
दो बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की, घटनास्थल से दो खोखा बरामद
पुलिस जांच में जुटी, खंगाल रही सीसीटीवी, आरोपी स्थानीय होने की आशंका
लगातार हो रही घटनाओं से कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बार-बार शिकायतों के बाद भी आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लोगों में दहशत के साथ-साथ आक्रोश भी है।ताजा मामला आशियाना इलाके का है, जहां मंगलवार सुबह अज्ञात बदमाशों ने एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।
घटना सुबह करीब 6:55 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, दो बदमाश घर के पास पहुंचे और खिड़की की ओर तीन राउंड फायरिंग कर फरार हो गए। उस समय घर के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे।
फायरिंग की पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि अपराधी किस तरह बेखौफ होकर सपन दास के घर पर गोलियां बरसा रहे हैं। घटना के बाद घर में किराये पर रह रहे लोगों ने इसकी सूचना सपन दास को दी।
मौके पर पहुंचे लोगों को घटनास्थल से दो खोखा बरामद हुआ। CCTV फुटेज में दो युवक फायरिंग करते और भागते नजर आ रहे हैं, जबकि एक अन्य युवक स्कूटी पर सवार बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी स्थानीय बताए जा रहे हैं, हालांकि फायरिंग के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि आदित्यपुर चुनाभट्टा स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक्स में हुए गोलीकांड का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
