सरायकेला में गृह रक्षकों के नामांकन के लिए शारीरिक दक्षता व लिखित परीक्षा
दौड़ प्रतियोगिता में 320 महिला एवं 185 पुरुष अभ्यर्थी सफल घोषित, अंतिम मेधा सूची परीक्षा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रकाशित की जाएगी
सरायकेला : सरायकेला–खरसावाँ जिला अंतर्गत गृह रक्षक नव नामांकन के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता-सह-लिखित परीक्षा कार्यक्रम के तहत एक अप्रैल 2026 को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में राजनगर प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों तथा दिनांक 02 अप्रैल को पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता जांच एवं हिन्दी लेखन क्षमता परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
राजनगर प्रखंड के लिए कुल 1778 अभ्यर्थियों (652 महिला एवं 1126 पुरुष) में से दिनांक 01 अप्रैल को आयोजित परीक्षा में 652 महिला अभ्यर्थियों में से 420 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। वहीं 02 अप्रैल को आयोजित परीक्षा में 1126 पुरुष अभ्यर्थियों में से 740 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंतर्गत आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में कुल 320 महिला एवं 185 पुरुष अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए।
दौड़ में सफल अभ्यर्थियों ने अगले चरणों—ऊँची कूद, लंबी कूद, शॉट पुट एवं हिन्दी लेखन परीक्षा—में भाग लिया। सभी चरणों में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के आधार पर उत्तीर्ण एवं अनुत्तीर्ण अभ्यर्थियों के अर्जित अंकों के अनुसार औपबंधिक अंक पत्र तैयार किया गया है।
यह औपबंधिक अंक पत्र अभ्यर्थियों की जानकारी के लिए जिला की आधिकारिक वेबसाइट seraikela.nic.in पर अपलोड किया जा रहा है। यह अंक पत्र केवल सूचना के उद्देश्य से सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध कराया गया है तथा इसे किसी भी स्थिति में अंतिम मेधा सूची नहीं माना जाएगा।
गृह रक्षक नव नामांकन के लिए अंतिम मेधा सूची परीक्षा प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत सभी प्रखंडों एवं श्रेणियों के लिए एक साथ पृथक रूप से प्रकाशित की जाएगी।
