आदित्यपुर में भाजपा नेता के घर फायरिंग मामले का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आशियाना रोड, सालडीह बस्ती में भाजपा नेता सपन दास के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
एसपी मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने इस कांड में शामिल तीन अपराधियों को घटना में प्रयुक्त हथियार और स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद सभी को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान प्रेम कुमार सिंह उर्फ जानू, राजू उर्फ टकला और चंदन गोराई के रूप में हुई है। तीनों से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अपराधियों की मंशा दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलना थी। इस घटना के जरिए इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश की गई थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का खुलासा कर लिया है और आगे की जांच जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।
