बागबेड़ा कॉलोनी और मध्य पंचायत में कचरा निस्तारण को लेकर शुक्रवार से शुरू होगा सर्वे
पायलट प्रोजेक्ट के तहत होगी शुरुआत, सर्वे के बाद बनेगी ठोस कार्ययोजना, पंचायत सचिवों को मिली जिम्मेदारी, शनिवार तक पूरा करना है काम
बागबेड़ा क्षेत्र में कचरा निस्तारण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने अपनी पहल तेज कर दी है। इस दिशा में बागबेड़ा कॉलोनी और बागबेड़ा मध्य पंचायत को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना गया है, जहां सबसे पहले कचरा प्रबंधन प्रणाली लागू की जाएगी। योजना के सफल होने पर इसे क्षेत्र की अन्य पंचायतों तक भी विस्तार दिया जाएगा।
इस संबंध में गुरुवार को प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन की अध्यक्षता में प्रखंड सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें यह निर्णय लिया गया। योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए शुक्रवार से दोनों पंचायतों में घर-घर सर्वेक्षण शुरू किया जाएगा।
सर्वे के दौरान प्रत्येक घर और वहां रहने वाले लोगों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी, ताकि कचरा प्रबंधन की सटीक योजना बनाई जा सके। बैठक में बीडीओ सुमित प्रकाश ने बागबेड़ा कॉलोनी में सर्वेक्षण की जिम्मेदारी पंचायत सचिवों को सौंपी और निर्देश दिया कि शनिवार तक सर्वे पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अगले सोमवार को फिर से बैठक होगी, जिसमें सर्वे रिपोर्ट के आधार पर कचरा निस्तारण की स्थायी और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके साथ ही घरों से कचरा संग्रहण के लिए शुल्क निर्धारित करने पर भी चर्चा की जाएगी।
बैठक में बीडीओ सुमित प्रकाश, सीओ मनोज कुमार, उप प्रमुख शिवकुमार हांसदा सहित बागबेड़ा क्षेत्र की सभी सात पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि इस मुद्दे को पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के अनुरोध पर विधायक संजीव सरदार द्वारा विधानसभा में दो बार उठाया जा चुका है। साथ ही, उपायुक्त को भी इस संबंध में कई बार ज्ञापन सौंपे गए हैं।
यदि समय पर कचरा निस्तारण का काम पूरा हो जाता है तो लंबे समय के बाद वहां के लोगों को राहत मिलेगी। लोगों को गंदगी और बदबू के बीच ही जिंदगी गुजारनी पड़ रही थी।
