जमशेदपुर : जमशेदपुर की टीएसएएफ क्लाइंबिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अकादमी के तीन खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई कर राज्य और देश का नाम रोशन किया है।
भारतीय स्पोर्ट क्लाइंबिंग के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए टीएसएएफ क्लाइंबिंग अकादमी के तीन खिलाड़ी — अमन, अनीशा और जोगा — ने एशियन गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अमन और अनीशा ने लीड क्लाइंबिंग श्रेणी में अपनी जगह बनाई है, जबकि जोगा ने स्पीड क्लाइंबिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वालीफाई किया है। आने वाले समय में अकादमी के अन्य खिलाड़ियों के भी क्वालीफाई करने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह सफलता जमीनी स्तर पर शुरू किए गए एक सशक्त कार्यक्रम की निरंतर प्रगति का परिणाम है। टीएसएएफ के अंतर्गत क्लाइंबिंग गतिविधियों की शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी, जब देश में इस खेल के लिए न तो पर्याप्त संरचनात्मक सुविधाएं थीं और न ही वैज्ञानिक प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित थी। वर्ष 2021 में महज 10 खिलाड़ियों के साथ जमशेदपुर में टीएसएएफ क्लाइंबिंग अकादमी की औपचारिक स्थापना की गई थी।
कम समय में ही यह अकादमी एक मजबूत इकोसिस्टम के रूप में उभरी है। वर्तमान में झारखंड और ओडिशा में 1000 से अधिक क्लाइंबर इससे जुड़े हैं, जबकि 16 ग्रासरूट प्रशिक्षण केंद्र और 2 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संचालित किए जा रहे हैं। अकादमी के खिलाड़ी 100 से अधिक बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और कई राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा चुके हैं।
टीएसएएफ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है। अकादमी ने आईएफएससी एशियन किड्स क्लाइंबिंग चैंपियनशिप (2022 और 2023) तथा आईएफएससी एशियन यूथ क्लाइंबिंग चैंपियनशिप (2024) जैसे बड़े आयोजनों की सफल मेजबानी की है।
इससे पहले, टीएसएएफ के दो खिलाड़ी एशियन गेम्स 2022 में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहीं, 2026 संस्करण के लिए तीन खिलाड़ियों का क्वालीफाई करना अकादमी को देश के प्रमुख हाई-परफॉर्मेंस केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
अकादमी का लक्ष्य भविष्य में भी ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करना है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करें। जमीनी स्तर से उत्कृष्टता तक का यह सफर लगातार जारी है।
