भाजपा जमशेदपुर महानगर की नई टीम का ऐलान, अनुभव और युवा जोश का संतुलन
== प्रदेश नेतृत्व की मुहर के बाद जारी हुई सूची
== कुछ पद अब भी खाली, चर्चाओं का दौर तेज
जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जमशेदपुर महानगर इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की सहमति मिलने के बाद जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने आधिकारिक रूप से पदाधिकारियों की सूची जारी की। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ सक्रिय और युवा कार्यकर्ताओं को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।
उपाध्यक्ष पद पर छह नाम, एक सीट खाली
जारी सूची के अनुसार संगठन को मजबूती देने के लिए छह उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें संजीव सिंह, प्रदीप महतो, बबुआ सिंह, रूबी झा और अमरजीत सिंह राजा प्रमुख हैं। हालांकि, एक पद अभी रिक्त रखा गया है, जिससे संगठन में संभावित नामों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
महामंत्री और मंत्रियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
संगठन संचालन के लिए राजीव कुमार सिंह और जितेन्द्र राय को जिला महामंत्री बनाया गया है। वहीं, जिला मंत्री के रूप में मुची राम बाउरी, तन्मय झा, रिंकू सिंह, रीना चौधरी और रेणु सिन्हा को जिम्मेदारी दी गई है। मंत्री पद में भी एक स्थान फिलहाल खाली रखा गया है।
वित्त और कार्यालय व्यवस्था की कमान तय
वित्तीय प्रबंधन के लिए कृष्णा शर्मा ‘काली’ को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, संगठन के कार्यालय संचालन की जिम्मेदारी संजीत चौरसिया को कार्यालय मंत्री के रूप में सौंपी गई है।
जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने भरोसा जताया कि नई टीम संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेगी तथा जनहित के मुद्दों पर पार्टी की सक्रियता को नई दिशा देगी।
