डोबो पुल से ‘लापता’ युवक होटल में मिला, पत्नी को डराने के लिए रची पूरी कहानी
रहस्यमय गुमशुदगी का मामला निकला घरेलू विवाद का नाटक, पुलिस भी रातभर रही परेशान,स्कूटी पुल पर छोड़ होटल में छिपा रहा युवक, सुबह खुली पूरी सच्चाई
जमशेदपुर: शहर में एक कथित गुमशुदगी का मामला बुधवार को चौंकाने वाले मोड़ पर खत्म हुआ, जब रातभर नदी किनारे तलाशे जा रहे युवक को पुलिस ने साकची के एक होटल से सकुशल बरामद कर लिया। मामला पहले संदिग्ध लग रहा था, लेकिन जांच में यह घरेलू विवाद से जुड़ा एक नाटक निकला।
परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी निवासी अविनाश कुमार मंगलवार शाम करीब 5 बजे से लापता था। देर रात उसकी स्कूटी और अन्य सामान सोनारी थाना क्षेत्र स्थित डोबो पुल पर मिलने के बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस और परिवार के लोग पूरी रात नदी किनारे उसकी तलाश में जुटे रहे।
बुधवार सुबह मामला तब साफ हुआ, जब साकची स्थित गुरुद्वारा के पास एक होटल संचालक ने युवक के वहां ठहरने की सूचना उसके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग होटल पहुंचे और अविनाश को अपने साथ ले गए। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। इसी वजह से उसने पत्नी को डराने के लिए यह पूरी कहानी रची। वह अपनी स्कूटी डोबो पुल पर छोड़कर साकची के होटल में जाकर ठहर गया था और रातभर वहीं रहा।
हालांकि, युवक के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस इस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई और पूछताछ कर रही है।
